छत्तीसगढ़

धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में गूंजे श्रीराम के जयकारे, संस्कृति और सामाजिक एकता का दिया संदेश

संकरी में तीन दिवसीय रामधुनी एवं झांकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा-राजिम– अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम संकरी में आयोजित तीन दिवसीय रामधुनी गायन एवं झांकी प्रतियोगिता का शुभारंभ धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में भगवान श्रीराम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसील साहू संघ अभनपुर के अध्यक्ष तुलेश साहू ने भगवान श्रीराम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने आयोजन मंडल एवं ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर तहसील साहू संघ अभनपुर के उपाध्यक्ष प्रहलाद साहू ने अपने उद्बोधन में रामधुनी एवं धार्मिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं।

वहीं तहसील साहू संघ अभनपुर के महामंत्री तुकेश कुमार साहू ने भी ग्रामवासियों को संबोधित किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं भक्ति भावना को जीवन में आत्मसात करने का संदेश देते हुए आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत संकरी के सरपंच शुभम साहू, उपसरपंच खोमेश्वरी साहू, परिक्षेत्र साहू समाज अभनपुर के संगठन सचिव मानसिंह साहू सहित सीताराम साहू, धर्मेंद्र साहू, गिरधर साहू, संदीप दीवान, पंचम साहू एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय इस आयोजन में रामधुनी गायन के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षण देना तथा सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों को इस पावन आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!