छत्तीसगढ़

राजिम में 9 अक्टूबर को होगी महानदी गंगा आरती, आरु साहू की सांस्कृतिक प्रस्तुति से सजेगी शाम

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजन, तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़) नवापारा राजिम शुक्रवार 9 अक्टूबर को राजिम स्थित महानदी तट पर महानदी गंगा आरती एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विश्राम गृह राजिम में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री विशाल महाराणा एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री एसके बर्मन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर के निर्देश पर आयोजित बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि शाम 6:30 बजे महानदी गंगा आरती होगी। इसके बाद शाम 7 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध युवा लोक कलाकार आरु साहू अपनी सांस्कृतिक टीम के साथ मनमोहक प्रस्तुति देंगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। बैठक में बैठक व्यवस्था, मंच, दर्शक दीर्घा, आरती स्थल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैरिकेडिंग, पार्किंग और पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने नागरिकों की सुविधा, स्वच्छता और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत 3 अक्टूबर को ‘स्वच्छ महानदी, सुंदर राजिम, सुरक्षित घाट’ अभियान चलाया गया था, जिसमें नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया। जिला प्रशासन ने सभी से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!