केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की मांग, लंबित 2 प्रतिशत डीए एरियर्स सहित जारी करने की अपील
राज्य कर्मचारियों को केंद्र के बराबर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग उठाई

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम– छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता एवं रायपुर संभाग के अध्यक्ष रामनारायण मिश्रा ने छत्तीसगढ़ शासन से राज्य के समस्त कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता (डीए) प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि महंगाई का प्रभाव सभी कर्मचारियों पर समान रूप से पड़ता है, चाहे वे केंद्र सरकार के कर्मचारी हों या राज्य सरकार के।
रामनारायण मिश्रा ने कहा कि वर्तमान में राज्य शासन के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि केंद्रीय कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त हो रहा है। इस प्रकार राज्य के कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों की तुलना में 2 प्रतिशत कम महंगाई भत्ता मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 से राज्य के कर्मचारियों का 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता लंबित है। बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने के लिए राज्य सरकार को इस लंबित महंगाई भत्ते का शीघ्र भुगतान करना चाहिए। साथ ही, जनवरी 2026 से लंबित महंगाई भत्ते की राशि एरियर्स सहित प्रदान की जानी चाहिए।
मिश्रा ने राज्य सरकार से मांग की कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता देने के लिए जल्द निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते में समानता से राज्य के कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनके परिवारों पर बढ़ते खर्च का बोझ कुछ कम होगा।
उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन से कर्मचारियों की इस मांग पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते को एरियर्स सहित शीघ्र जारी करने की अपील की।




