सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर व क्रिएटर्स की जिला स्तरीय बैठक 19 सितंबर को

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजिम — कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में संचालित माय भारत युवा कार्यक्रम एवं मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) को गति देने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स एवं युवाओं को अभियान से जोड़ने की पहल की जा रही है।
इसी कड़ी में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय युवाओं की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक 19 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में आयोजित की जाएगी।
माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया युवाओं तक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स एवं यूट्यूबर्स की सहभागिता से मतदाता जागरूकता तथा युवा कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण एवं मजबूत लोकतंत्र की स्थापना से जोड़ना इस पहल का उद्देश्य है। सोशल मीडिया से जुड़े युवाओं को एक मंच पर लाकर उनके विचार एवं रचनात्मकता का उपयोग जनचेतना बढ़ाने में किया जाएगा।
श्री सिंह ने जिले के सभी सक्रिय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स एवं यूट्यूबर्स युवाओं से बैठक में उपस्थित होकर अपने विचार साझा करने की अपील की है।




