ATM से मिलेगा राशन, रायपुर में लगेगा पहला ‘ग्रेन एटीएम’

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—-राशन वितरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ में नई पहल शुरू होने जा रही है। अब बैंक एटीएम की तर्ज पर ‘ग्रेन एटीएम’ के माध्यम से राशनकार्डधारियों को अनाज उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में राजधानी रायपुर के शास्त्री मार्केट क्षेत्र से की जाएगी।
24 घंटे मिलेगा राशन, लंबी कतारों से राहत
ग्रेन एटीएम लगने के बाद लाभार्थियों को उचित मूल्य दुकानों में लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह मशीन 24 घंटे चालू रहेगी, जिससे मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों को अपनी सुविधा के समय पर राशन मिल सकेगा।
बायोमेट्रिक से निकलेगा अनाज
इस मशीन में राशन कार्ड नंबर या आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन करना होगा। सत्यापन के बाद निर्धारित मात्रा में चावल या गेहूं मशीन से सीधे बाहर निकल जाएगा। इससे तौल में गड़बड़ी और हेराफेरी की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।
डिजिटल सिस्टम से बढ़ेगी पारदर्शिता
खाद्य विभाग के अनुसार ग्रेन एटीएम से पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी, जिससे राशन वितरण में पारदर्शिता आएगी। पहले राशन वितरण में गड़बड़ी और कम तौल की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिन्हें इस तकनीक से रोका जा सकेगा।
चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में विस्तार
शुरुआत रायपुर से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी। इसके सफल होने पर इसे अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में इस सिस्टम को लागू करना आसान माना जा रहा है।
ऐसे करेगा काम ‘ग्रेन एटीएम’
राशन कार्ड या आधार से बायोमेट्रिक सत्यापन
अनाज का चयन (चावल/गेहूं)
निर्धारित मात्रा का चयन
30 सेकंड के भीतर मशीन से अनाज प्राप्त
बड़े बदलाव की उम्मीद
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रेन एटीएम लागू होने से न केवल भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, बल्कि राशन वितरण प्रणाली तेज, आसान और भरोसेमंद बनेगी।




