Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS
Uncategorized

परसदा में दो दिवसीय पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं भव्य दीप महायज्ञ संपन्न

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—नवापारा राजिम : समीपस्थ ग्राम परसदा में दो दिवसीय पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं भव्य दीप महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्रज्ञा मंडल के तत्वावधान में किया गया, जिसमें ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
प्रज्ञा मंडल के संचालक यशवंत वर्मा ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिवस पर भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान महिलाएं एवं नवयुवतियाँ सिर पर कलश धारण कर गायत्री माता के जयघोष के साथ पूरे ग्राम का भ्रमण किया। रात्रि में गीत, संगीत एवं प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
द्वितीय दिवस पर दोपहर में पांच कुण्डीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन हुआ तथा संध्या 5 बजे गीत-संगीत के साथ भव्य दीप महायज्ञ संपन्न हुआ। महायज्ञ के दौरान पुंसवन संस्कार, दीक्षा संस्कार, विद्यारंभ संस्कार, विवाह दिवस एवं जन्म दिवस जैसे विभिन्न धार्मिक संस्कार भी संपन्न कराए गए।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधान पाठक पवन यादव ने कहा कि गायत्री महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नैतिकता, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और समाज में सेवा, सहयोग एवं सद्भाव की भावना विकसित होती है।
परिव्रजक हरिशंकर सिन्हा ने युवाओं से नशा एवं दुर्व्यसनों से दूर रहकर ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक मोहन दास मानिकपन ने कहा कि गायत्री महायज्ञ मानव जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया तथा आभार प्रदर्शन प्रवीण वर्मा द्वारा किया गया।
इस आयोजन में सरपंच रमेश वर्मा, उपसरपंच तारणी साहू सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक, महिला मंडल, सृजन मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!