घर में खड़ी बाइक में लगी भीषण आग, जलकर राख हुई मोटरसाइकिल, घर का हिस्सा भी खाक

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़नवापारा-राजिम–— समीपस्थ ग्राम परसदा में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घर के अंदर खड़ी बाइक में अचानक आग लगने से मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई, वहीं आग की चपेट में आने से घर का आधा हिस्सा एवं कुछ घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। घटना शुक्रवार 15 मई शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम परसदा निवासी ठाकुर राम तारक पिता बलीराम तारक के घर के अंदर खड़ी हीरो होंडा डीलक्स बाइक से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते बाइक में आग भड़क उठी और आग की लपटें तेजी से पूरे कमरे में फैल गईं। परिवार के लोगों एवं आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और बाइक पूरी तरह जल गई।
आगजनी की इस घटना में घर में रखा कुछ घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया तथा मकान का आधा हिस्सा प्रभावित हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जिस स्थान पर बाइक खड़ी थी वहां आसपास अन्य वाहन नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलने पर सरपंच रमेश कुमार वर्मा, पंच मणीलाल साहू, राजेश कुमार साहू, तेजू साहू, रामजी खिलवारे, टीकू यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। गांव में इस घटना के बाद दहशत एवं चिंता का माहौल बना हुआ है



