प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा टीम ने विवेकानंद विद्यापीठ नारायणपुर का किया अवलोकन

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—फिंगेश्वर। प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा की टीम ने विवेकानंद विद्यापीठ नारायणपुर पहुंचकर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने विद्यापीठ के संस्था प्रमुख श्रीवास सर से मुलाकात कर शिक्षा पद्धति, विज्ञान प्रदर्शनी एवं अन्य शैक्षणिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।
अवलोकन के दौरान शिक्षकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, आवासीय सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। टीम के सदस्य लखनलाल साहू ने बताया कि विद्यापीठ में विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रयोगात्मक अनुभव भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे स्वयं प्रयोग कर सीखने की प्रक्रिया से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शिक्षण पद्धति से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा एवं नवाचार की क्षमता का निरंतर विकास हो रहा है। विद्यालय की प्रयोगशाला व्यवस्था न केवल पढ़ाई को सरल और रोचक बनाती है, बल्कि छात्रों में शोध एवं खोज की प्रवृत्ति को भी प्रोत्साहित करती है।
इस अवसर पर प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा टीम के शिक्षक लखनलाल साहू, भुवनेश्वर मरकाम, बृजलाल मंडावी, मनीष अहीर एवं पूरन लाल साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



