समर कैंप ने बच्चों में जगाई रचनात्मकता, खेल-खेल में सीखने का मिला नया अनुभव

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़नवापारा राजिम :– शासकीय प्राथमिक शाला परसदा, संकुल केन्द्र परसदा सोंठ में आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारी के उद्देश्य से 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस दिवसीय समर कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित करना तथा उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और बुनियादी गणितीय एवं भाषायी कौशलों का विकास करना रहा।
संस्था की प्रधान अध्यापिका दुलेश्वरी साहू ने बताया कि इस दस दिवसीय समर कैंप के दौरान बच्चों ने सीखने का एक अनूठा और आनंददायक अनुभव प्राप्त किया। कैंप में गीत, पेंटिंग, ड्राइंग, क्ले आर्ट एवं टोपी निर्माण जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिससे बच्चों की कल्पनाशक्ति और सृजनात्मकता को नया आयाम मिला।
गणित विषय में स्थानीय मान की समझ विकसित करने के लिए कार्यपत्रकों का प्रभावी उपयोग किया गया। तीली-बंडल के माध्यम से बच्चों ने “दस का बंडल” बनाना सहज रूप से सीखा, जिससे संख्याओं की उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई। वहीं भाषा विकास के अंतर्गत कहानी सुनना-सुनाना तथा चित्र आधारित लेखन गतिविधियों ने बच्चों की अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समर कैंप के अंतिम दिवस बच्चों ने अपने द्वारा बनाए गए रचनात्मक कार्यों, कार्यपत्रकों एवं पुस्तिकाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया और दस दिनों में अर्जित अनुभवों को आत्मविश्वास के साथ साझा किया। इस समर कैंप में आंगनबाड़ी से लेकर मिडिल स्कूल तक के लगभग पचास बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह समर कैंप बच्चों के समग्र विकास की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार—प्रधान अध्यापिका दुलेश्वरी साहू, शिक्षिका गायत्री साहू, भारती साहू एवं शिक्षक सोमप्रकाश तारक का विशेष मार्गदर्शन रहा, वहीं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन का तकनीकी सहयोग भी सराहनीय रहा।
इसके साथ ही शाला प्रबंधन समिति की कल्पना वर्मा, पंच प्रेमलाल खुटियारे, रसोइया गीता वर्मा तथा समुदाय से नेहा तारक एवं रानी बारले का विशेष योगदान इस आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण रहा।




