पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर यातायात सुधार एवं बाईपास निर्माण की मांग, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Chhattisgarh Prayagraj news —गोबरा नवापारा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष परदेसी राम साहू ने सुशासन कार्यक्रम के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) रवि सिंह से मुलाकात कर गोबरा नवापारा की यातायात व्यवस्था में सुधार तथा बाईपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में श्री साहू ने बताया कि गोबरा नवापारा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक क्षेत्र का सबसे व्यस्ततम चौक है। इस मार्ग से धमतरी, कुरूद, मगरलोड, गरियाबंद, महासमुंद, आरंग, अभनपुर एवं रायपुर को जोड़ने वाले प्रमुख सड़क मार्ग गुजरते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक एवं यात्री वाहन इस चौक से आवागमन करते हैं, जिसके कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और जन-धन की हानि की घटनाएं सामने आती हैं।
उन्होंने मांग की कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर स्थायी रूप से पुलिस जवानों की तैनाती की जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इसके साथ ही मगरलोड-राजिम क्षेत्र को बाईपास सड़क के माध्यम से जोड़ने की मांग भी रखी गई।
परदेसी राम साहू ने कहा कि बाईपास सड़क के निर्माण से भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर कम होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा आम नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इससे दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी और शहर में यातायात सुगम एवं सुरक्षित बन सकेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दयालु राम गाड़ा भी उपस्थित थे।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम रवि सिंह ने मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा जाएगा।




