शनिवार को नवापारा-राजिम में 4 घंटे रहेगा बिजली बंद, विभाग ने जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़–गोबरा नवापारा/राजिम। नवापारा-राजिम अंचल के बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। विद्युत विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार शनिवार 13 जून 2026 को कोमा सब-स्टेशन से जुड़े 220 केवी लाइन के 132 केवी बस बार में आवश्यक मरम्मत एवं तकनीकी सुधार कार्य किए जाने के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
विभाग के अनुसार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक लगभग चार घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। हालांकि तकनीकी परिस्थितियों एवं कार्य की प्रगति के अनुसार समय में आवश्यक परिवर्तन किया जा सकता है।
इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी बिजली आपूर्ति
शटडाउन के दौरान गोबरा नवापारा नगर, राजिम नगर तथा दोनों क्षेत्रों से जुड़े अधिकांश ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग ने बताया कि कोपरा नगर क्षेत्र एवं फिंगेश्वर सिटी को छोड़कर अन्य संबंधित क्षेत्रों में विद्युत सेवा प्रभावित होगी।
नागरिकों से तैयारी करने की अपील
विद्युत विभाग ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बिजली बंद रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से कर लें। सुबह 10 बजे से पहले पानी की टंकियां भर लें, मोबाइल फोन, पावर बैंक एवं इनवर्टर चार्ज कर लें। वहीं कंप्यूटर सेंटर, चॉइस सेंटर, फोटो स्टूडियो, फोटोकॉपी, वेल्डिंग एवं अन्य बिजली आधारित व्यवसाय संचालित करने वाले लोग अपने कार्यों की योजना समयानुसार बनाएं।
भविष्य में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए जरूरी कार्य
अधिकारियों ने बताया कि यह तकनीकी सुधार कार्य विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होते ही बिना विलंब के बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
विद्युत विभाग ने क्षेत्रवासियों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।




