परसदा जोशी के चार विद्यार्थियों ने नवोदय लैटरल प्रवेश परीक्षा में लहराया परचम, क्षेत्र में खुशी की लहर

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़— जवाहर नवोदय विद्यालय की लैटरल प्रवेश परीक्षा में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परसदा जोशी के चार मेधावी विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चयनित विद्यार्थियों में संध्या साहू, पायल साहू, तुलसी साहू एवं भूमिका निषाद शामिल हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के प्रधान पाठक पूरन लाल साहू ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
फिंगेश्वर विकासखंड से इस वर्ष कुल पांच अन्य विद्यार्थियों का भी नवोदय विद्यालय की लैटरल प्रवेश परीक्षा में चयन हुआ है। इनमें दिव्यांश (सुरसाबांधा), लोकांक्षा साहू (सिंधौरी), मनीष कंवर, सुनयना सतनामी (पतोरा) तथा तेजस्विनी ध्रुव (पूर्व माध्यमिक शाला किरवई) शामिल हैं।
इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। शुभकामना देने वालों में विधायक रोहित साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार साहू, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र बहल एवं अनिल ध्रुव, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुभाष शर्मा, प्रधान पाठक पूरन लाल साहू, डेलेंद्र कुमार साहू, चंदन लाल सोनी, ज्योति गुप्ता, व्याख्याता पूरन लाल साहू (बिजली), शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष, सदस्य तथा ग्रामवासी शामिल रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं




