छत्तीसगढ़

राज्यपाल से मिलीं भाजपा प्रदेश मंत्री नंदनी नेताम, आदिवासी अंचल की समस्याओं से कराया अवगत

क्षेत्र भ्रमण के लिए राज्यपाल को दिया आमंत्रण, मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजिम —भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री श्रीमती नंदनी नेताम ने राजभवन पहुंचकर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और गरियाबंद क्षेत्र के आदिवासी अंचलों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं एवं जनहित के विषयों से अवगत कराया।

मुलाकात के दौरान श्रीमती नेताम ने वनांचल एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में ग्रामीणों को हो रही परेशानियों, विकास कार्यों तथा मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकताओं को सिलसिलेवार राज्यपाल के समक्ष रखा। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान तथा विकास को गति देने की दिशा में आवश्यक पहल का आग्रह किया।

श्रीमती नेताम ने राज्यपाल को गरियाबंद क्षेत्र के आदिवासी अंचलों का भ्रमण करने के लिए सादर आमंत्रित भी किया, ताकि वे स्वयं ग्रामीणों से रूबरू होकर क्षेत्र की जमीनी स्थिति और उनकी समस्याओं को करीब से जान सकें। राज्यपाल ने उनके आमंत्रण पर सकारात्मक सहमति व्यक्त की।

प्रदेश मंत्री नंदनी नेताम ने कहा कि राज्यपाल के साथ हुई यह मुलाकात क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल होगी।

वहीं, नंदनी नेताम की राज्यपाल से हुई इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!