Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS
Uncategorized

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव सानंद संपन्न, नगर में उमड़ा आस्था का सैलाब

भव्य शोभायात्रा, बाइक रैली और अहिंसा संदेश के साथ मनाया गया महापर्व

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़— अहिंसा के प्रतीक एवं जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव को नगर में सकल जैन समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पंच दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला देखने को मिली।
प्रातःकाल स्थानीय श्वेताम्बर जैन मंदिर में भगवान का पक्षाल, अभिषेक एवं स्नात्र पूजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मावलंबियों ने भाग लिया। इसके पश्चात दोपहर में गांधी चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा में सबसे आगे इन्द्रध्वजा का रथ और मार्ग शुद्धि के लिए जलधारा प्रवाहित की जा रही थी। रजत रथ में विराजित भगवान की प्रतिमा के साथ गूंजते जयकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक आकर्षक बनाया।
मार्ग के दोनों ओर सजी रंगोलियों और श्रद्धालुओं द्वारा किए गए स्वागत ने शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। दिगम्बर जैन मंदिर के समीप पहुंचने पर दिगम्बर जैन पंचायत द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पंचरंगी ध्वजा लिए वीर सिपाही रथ के आगे चलते हुए धर्म रक्षा का संदेश दे रहे थे।
नगर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों—सांखला परिवार, जिनेन्द्र जैन परिवार, समता महिला मंडल, संत निरंकारी मंडल, सालासर सुंदरकांड समिति, सराफा एसोसिएशन एवं अन्य संस्थाओं द्वारा जगह-जगह स्वागत एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई।


भगवान महावीर चौक पहुंचने पर जैन समाज अध्यक्ष शिखर बाफना एवं अखिलेश जैन द्वारा ध्वजारोहण किया गया। नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा का समापन पुनः श्वेताम्बर जैन मंदिर में हुआ।
दोपहर में मानतारा भवन में स्वामी वात्सल्य (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में विभिन्न परिवारों एवं समाजसेवियों का सराहनीय योगदान रहा।
संध्या काल में महावीर चौक से अहिंसा संदेश को जन-जन तक पहुंचाने हेतु बाइक रैली (अहिंसा वाहक रैली) निकाली गई। इसके साथ ही श्वेताम्बर जैन मंदिर में महाआरती, दिगम्बर जैन मंदिर में पालना झुलाने का कार्यक्रम एवं नसिया जी में भक्ति संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भोपाल के गायक हर्षित जैन एवं उनकी टीम ने भक्तिमय प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंत में संघ प्रमुख शिखर बाफना ने सभी सहयोगियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!