पृथ्वीम वेलफेयर की सराहनीय पहल: भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी का इंतजाम


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा—भीषण गर्मी के दौर में जहां इंसानों का हाल बेहाल है, वहीं बेजुबान पक्षियों के सामने भी पानी और भोजन का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे समय में नवापारा नगर की प्रतिष्ठित संस्था पृथ्वीम वेलफेयर सोसाइटी ने एक सराहनीय पहल करते हुए पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का जिम्मा उठाया है।
संस्था द्वारा नगर के सौ से अधिक घरों में मिट्टी के पात्र और दाना वितरित कर लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों की छतों पर इन्हें रखें। इसके साथ ही समिति के सदस्यों ने पेड़ों की डालियों पर रस्सी के सहारे दाना और पानी के पात्र भी लटकाए हैं, ताकि पक्षियों को भीषण गर्मी में इधर-उधर भटकना न पड़े।
संस्था की अध्यक्ष योगिता सिन्हा ने बताया कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तापमान में काफी वृद्धि हुई है, जिससे आमजन के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी हालात चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा कि दाना-पानी के अभाव में कई पक्षियों की जान तक चली जाती है, ऐसे में यह पहल बेहद जरूरी है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे मानवता का परिचय देते हुए अपने घरों की छतों और खुले स्थानों पर पानी और दाना जरूर रखें। साथ ही संस्था द्वारा आसपास के गांवों में जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है।
योगिता सिन्हा ने कहा, “पक्षी हमारे पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, उनकी रक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है।”
यह पहल न केवल पक्षियों के लिए राहत का काम कर रही है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रही है।




