राज्यपाल के स्वेच्छानुदान से पांच विद्यार्थियों को 10-10 हजार की सहायता, शिक्षा को मिला प्रोत्साहन

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़फिंगेश्वर।–गोदग्राम बिजली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सत्र 2024-25 में 10वीं एवं 12वीं कक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पांच विद्यार्थियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्यपाल के स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। यह सहायता माननीय राज्यपाल रमेन डेका द्वारा गीता साहू, तारिणी साहू, आरती सोनवानी, टिकेश्वरी साहू एवं तारणी यादव को दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच पदमा मोती निषाद ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा और ऊंचाई प्रदान करता है। राज्यपाल द्वारा दी गई यह सहायता न केवल आर्थिक सहयोग है, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला प्रेरणादायक कदम भी है।
जनपद सभापति नंदूराम यादव ने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर सहयोग मिलना अत्यंत आवश्यक है। राज्यपाल की यह पहल समाज के लिए उत्कृष्ट उदाहरण है, जो सभी को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।
संस्था के प्राचार्य रामनारायण मिश्रा ने बताया कि यह सहायता विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। शाला प्रबंध समिति सदस्य दयाराम साहू ने कहा कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है और ऐसे प्रयास समाज को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता पूरन लाल साहू ने किया। उन्होंने बताया कि सत्र 2024-25 में 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत एवं 10वीं का 84 प्रतिशत रहा। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक दीपक की तरह है, जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर उजाले की ओर ले जाती है।
इस अवसर पर उप सरपंच तोषण पटेल, सरपंच प्रतिनिधि मोतीराम निषाद, व्याख्याता दिनेश कुमार साहू, विनय कुमार साहू, नरेंद्र कुमार वर्मा, योगेश सोनकर, रेखा सोनी, गीतांजली नेताम, संतोषी गिलहरे, शिक्षक नकुल राम साहू, रुद्रप्रताप साहू, क्लर्क दुष्यंत साहू एवं तोमन साहू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




