अफेयर के शक में युवक की हत्या, आंखों में मिर्च झोंक पत्थर से कुचला सिर

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ — अफेयर के शक में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक निखिल गोस्वामी (27) कोनी क्षेत्र का निवासी था। वह जिम संचालित करने के साथ-साथ एक बार में बाउंसर का कार्य भी करता था। बताया जा रहा है कि वह आरोपी भोला मानिकपुरी (28) का एक प्रकरण भी देख रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान भोला की पत्नी से हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को दोनों के बीच संबंध होने का शक था।
बताया जाता है कि गुरुवार शाम निखिल अपने एक दोस्त के साथ किसी काम से बाहर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे भोला मानिकपुरी ने निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। अचानक हुए हमले से निखिल संभल नहीं पाया और इसी बीच आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल निखिल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बाद में अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना बिलासपुर के कोटा का है सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और उसे निखिल के साथ संबंध होने की आशंका थी। इसी शक के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।




