श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ जंवारा विसर्जन, हवन-पूजन के साथ पूर्णाहुति


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजिम। समीपस्थ ग्राम परसदा सहित ग्रामीण अंचल रावड़, राजिम व नवापारा क्षेत्र में चैत्र नवरात्र का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शीतला मंदिर एवं गायत्री मंदिर में विधि-विधान के साथ हवन-पूजन कर पूर्णाहुति दी गई। वहीं घरों में स्थापित ज्योत-जवारा का भी श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया गया।
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं ने माता की प्रतिमा पर श्रीफल एवं सोलह श्रृंगार अर्पित कर गांव की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात नव कन्याओं को भोज कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सेवा मंडली द्वारा भक्ति गीतों का गायन किया गया। वहीं महिलाएं एवं नवयुवतियां सिर पर जंवारा धारण कर भक्ति भाव के साथ शोभायात्रा में शामिल हुईं। नौ दिनों तक माता रानी की सेवा के उपरांत यशवंत वर्मा के निवास एवं माता शीतला मंदिर से ज्योत-जंवारा निकालकर गांव के बड़े तालाब तक ले जाया गया।
वहीं समीपस्थ ग्राम रावड़ में भी जेंजरा के सचिव चंद्रप्रकाश तिवारी के यहां विधिवत पूजा-पाठ कर जंवारा विसर्जन किया गया।
तालाब में पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने नम आंखों से जंवारा विसर्जन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।




