गुरु-शिष्य की जोड़ी को मिला आचार्य शिरोमणि सम्मान, शिक्षा व पर्यावरण क्षेत्र में योगदान का सम्मान

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़) नवापारा राजिम ——शिक्षा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली के व्याख्याता पूरन लाल साहू और उनके पूर्व शिष्य शासकीय हाईस्कूल सेमरा के व्याख्याता ईश्वर दास गिलहरे को संयुक्त रूप से आचार्य शिरोमणि सम्मान से सम्मानित किया गया। गुरु और शिष्य को एक ही मंच पर मिले इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
रायपुर के वृन्दावन हाल में शकुंतला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रदेशभर के 151 उत्कृष्ट शिक्षकों, समाजसेवियों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर एम.जी. सतीश कुमार, पूर्व सचिव शिक्षा आयोग एन.के. अग्रवाल, चेंबर ऑफ कॉमर्स रायपुर अध्यक्ष सतीश तौरानी, वरिष्ठ समाजसेवी अमर गुरुनानी, कविता कुम्भज, फाउंडेशन की संस्थापक स्मिता सिंह सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूरन लाल साहू शिक्षा में नवाचार, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं रचनात्मकता के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। वहीं ईश्वर दास गिलहरे भी शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
दोनों शिक्षकों ने सम्मान को अपने विद्यार्थियों, विद्यालय परिवार, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति समर्पित किया। सम्मान मिलने पर प्राचार्य रामनारायण मिश्रा सहित विद्यालय परिवार, सहकर्मियों एवं मित्रों ने दोनों शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




