पुरुषोत्तम मास में विप्र कुल महिला मंडल ने किया सहस्त्र जलाभिषेक, सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़--गोबरा नवापारा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर विप्र कुल महिला मंडल नवापारा नगर द्वारा धर्म एवं श्रद्धा के वातावरण में चंपारण स्थित पवित्र चम्पेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का सहस्त्र जलाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने बताया कि पुरुषोत्तम मास सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी और विशेष महत्व वाला माना जाता है। इस मास में किए गए जप, तप, दान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का फल कई गुना अधिक प्राप्त होता है। भगवान विष्णु को समर्पित यह मास आत्मिक उन्नति, सदाचार, भक्ति एवं लोकमंगल का संदेश देता है। इसी पावन अवसर पर भगवान शिव का सहस्त्र जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ अर्जित किया।
पूजन कार्यक्रम के दौरान भक्ति एवं आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान शिव एवं भगवान विष्णु की आराधना की तथा पुरुषोत्तम मास के महत्व पर चर्चा करते हुए धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस धार्मिक आयोजन में विप्र कुल महिला मंडल की संरक्षक श्रीमती रेखा शुक्ला, रमा शर्मा, विद्या तिवारी, महिला मंडल की अध्यक्ष रेखा तिवारी, उपाध्यक्ष तनु मिश्रा, कोषाध्यक्ष सुभाषिनी शर्मा, सदस्य श्रीमती सुषमा शर्मा, पूनम दीवान, भावना शर्मा, कुशाली दीवान, कुमुद पुराणिक, पुष्पांजलि तिवारी एवं मुक्ति शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं।
महिला मंडल की पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपसी सद्भाव, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। सहस्त्र जलाभिषेक के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने भगवान चम्पेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त कर पुरुषोत्तम मास के पुण्य अवसर पर धर्ममय जीवन जीने का संकल्प लिया।




