अतिथि शिक्षकों की हड़ताल पर शिक्षा विभाग सख्त,
DPI ने सभी DEO को जारी किए निर्देश, समय सीमा के बाद होगी वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ —— हड़ताल पर बैठे अतिथि शिक्षकों को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षकों को 27 जुलाई 2026 तक हर हाल में विद्यालयों में वापस लौटने के लिए कहा जाए। यदि वे निर्धारित समय सीमा तक कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं, तो उनके स्थान पर वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था लागू की जाएगी।
डीपीआई द्वारा 23 जुलाई को जारी आदेश में कहा गया है कि शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों के हड़ताल पर चले जाने से नए शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इससे विद्यार्थियों की नियमित शिक्षा बाधित हो रही है, जिसे देखते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि हैं और किसी भी स्थिति में शिक्षण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसी उद्देश्य से सभी शाला प्रबंधन समितियों (SMC) को निर्देशित किया गया है कि वे हड़ताली अतिथि शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें 27 जुलाई तक कार्य पर लौटने के लिए प्रेरित करें।
आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित तिथि तक अतिथि शिक्षक विद्यालयों में वापस नहीं आते हैं, तो विभाग के पूर्व निर्देशों के अनुसार उनके स्थान पर वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सके।




