इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को श्रद्धांजलि, कारगिल योद्धा ने युवाओं को दिया राष्ट्रसेवा का संदेश

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ —- राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कृषि महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से राष्ट्रीय सेवा योजना के लगभग 80 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने की। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित कारगिल युद्ध के वीर योद्धा एवं भूतपूर्व सैनिक सुबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुबुही निषाद ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम कुमार ठाकुर, डॉ. पायल जायसवाल एवं डॉ. आशुतोष दुबे भी उपस्थित रहे।अपने प्रेरक संबोधन में सुबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि भारतीय सैनिकों ने अत्यंत कठिन एवं दुर्गम परिस्थितियों में अदम्य साहस, धैर्य और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए दुश्मनों का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान और घायल सैनिकों के अद्वितीय साहस का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उनसे संवाद कर युद्ध से जुड़े प्रेरक अनुभवों की जानकारी प्राप्त की।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने अपने संदेश में विद्यार्थियों से राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने, देश के प्रति समर्पित रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध सहित देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदो को उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने मौन रहकर वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को भावपूर्ण नमन किया।
अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुबुही निषाद ने सभी अतिथियों, कार्यक्रम अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।




