8अक्टूबर को रायपुर में होगा रीजनल कॉन्फ्रेंस ऑन ELC एवं ECINET
कोरबा जिले के स्कूल-कॉलेजों के युवा छात्र-छात्राएं और ELC नोडल अधिकारी होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नयापारा राजिम कोरबा भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशन में आगामी 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर में “रीजनल कॉन्फ्रेंस ऑन इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) एवं ECINET” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं जिले में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब की गतिविधियों की समीक्षा को लेकर 10 सितंबर 2026 को कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के उच्च अधिकारियों द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग (VC) आयोजित की गई।
वीडियो कांफ्रेंस में श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, श्री सतीश प्रकाश सिंह, सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी एवं विधानसभा स्तरीय ELC नोडल अधिकारी, सहायक प्राध्यापकगण, स्वीप नोडल अधिकारी तथा निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय वीडियो कांफ्रेंस में 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रीजनल कॉन्फ्रेंस की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही जिले के स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) तथा ECINET पर ऑनबोर्डिंग की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
उन्होंने बताया कि रायपुर में आयोजित रीजनल कॉन्फ्रेंस में कोरबा जिले की प्रत्येक विधानसभा से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चिन्हांकित शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा उच्च शिक्षण संस्थानों से चयनित युवा छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इनके साथ ELC के प्रभारी नोडल अधिकारी तथा विधानसभा स्तरीय ELC प्रभारी नोडल अधिकारी एवं कोऑर्डिनेटर भी सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।
युवाओं में विकसित होगी चुनावी जागरूकता
श्री सिंह ने बताया कि इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रिया तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। इसके माध्यम से युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि ELC के माध्यम से हर युवा भारतीय नागरिक को चुनावी प्रणाली की प्रक्रिया, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना तथा उन्हें जागरूक मतदाता के रूप में तैयार करना प्रमुख उद्देश्य है। आगामी रीजनल कॉन्फ्रेंस युवाओं के बीच निर्वाचन संबंधी जागरूकता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।



