छत्तीसगढ़

कबड्डी से युवाओं में बढ़ता है साहस, अनुशासन और टीम भावना — तुलेश साहू

बिरोदा में एकदिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

 

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजिम— मारुति दल एवं समस्त ग्रामवासियों, बिरोदा (अभनपुर) के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ तहसील साहू संघ अभनपुर के अध्यक्ष तुलेश कुमार साहू के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं श्रीफल फोड़कर की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि तुलेश कुमार साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवा शक्ति का प्रतीक है, जो अनुशासन, एकता और भाईचारे को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि कबड्डी केवल एक खेल नहीं, बल्कि साहस, शक्ति, फुर्ती, अनुशासन, रणनीति और टीम भावना का संगम है। खेल मैदान में जीत का जश्न भले ही कुछ पलों का होता है, लेकिन संघर्ष और अनुशासन से बनी पहचान जीवनभर साथ रहती है।

उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में तहसील साहू संघ अभनपुर के महामंत्री तुकेश साहू, छेड़ीखेड़ी परिक्षेत्र साहू समाज के अध्यक्ष परमानंद साहू, पूर्व सरपंच बिरोदा वासुदेव साहू, निमोरा ग्रामीण उपाध्यक्ष अनुज साहू, वरिष्ठ नागरिक सोहनधर दीवान, गुहा राम साहू, भुलऊ राम साहू, पूर्व पंच राकेश ध्रुव, हेमू साहू, किसान प्रकोष्ठ के सदस्य खुमान साहू, बल्दु साहू, तीरध साहू तथा मारुति दल अध्यक्ष चेतन साहू सहित खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!