तीजा हमारी संस्कृति और गणेश उत्सव सामाजिक एकता का पर्व : अंबिका मरकाम
सिहावा विधायक ने क्षेत्रवासियों से प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ नवापारा राजिम —नगरीसिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम ने तीजा एवं गणेश उत्सव के पावन पर्व पर क्षेत्रवासियों, विशेषकर माताओं एवं बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक आत्मीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जबकि भगवान श्री गणेश का उत्सव श्रद्धा, भक्ति, उमंग और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
विधायक मरकाम ने कहा कि तीजा पर्व मातृशक्ति के त्याग, समर्पण और परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना का प्रतीक है। यह पर्व मायके और ससुराल के रिश्तों में प्रेम एवं अपनत्व को मजबूत करता है तथा हमारी बेटियों और बहनों को अपनी जड़ों से जोड़ने वाली विशिष्ट लोकपरंपरा है।
उन्होंने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश का आगमन नई ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक है। गणेश उत्सव के दौरान गांव-गांव एवं नगर-नगर में पूजा-अर्चना, आरती, भजन और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जो समाज में भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
अंबिका मरकाम ने कहा कि सिहावा क्षेत्र अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। उन्होंने भगवान श्री गणेश से प्रार्थना की कि क्षेत्र के प्रत्येक परिवार से विघ्न-बाधाएं दूर हों तथा सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए।
विधायक ने सभी नागरिकों से तीजा एवं गणेश उत्सव को प्रेम, श्रद्धा, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील करते हुए सभी के सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।




