मंदिरों में गूंजा हनुमान चालीसा व सुंदरकांड, जगह-जगह हुआ भंडारा
हनुमान जन्मोत्सव पर नवापारा में उमड़ा आस्था का सैलाब

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़–नवापारा-राजिम। श्री हनुमान जी महाराज के प्राकट्योत्सव के अवसर पर नवापारा नगर में श्रद्धा, भक्ति, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे शहर के हनुमान मंदिरों, मोहल्लों, चौक-चौराहों एवं घरों में भगवान हनुमान की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती धूमधाम से की गई।
शहर के प्रमुख मार्ग केसरिया ध्वज, तोरण और पताकाओं से सुसज्जित नजर आए। वहीं लाउडस्पीकर के माध्यम से बज रहे भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विभिन्न स्थानों पर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
बस स्टैंड से लेकर सदर रोड, गंज रोड और अन्य क्षेत्रों के हनुमान मंदिरों—श्री महावीर बजरंग अखाड़ा, सत्यनारायण मंदिर हनुमान जी, दक्षिणमुखी संकट मोचन समिति, वीर लंगूर पवन धाम हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, श्री राधा कृष्ण मंदिर, दक्षिण मुखी मारुति मंदिर कसेरपारा, मैडम चौक हनुमान मंदिर सहित अनेक स्थानों पर भोग-भंडारा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को हलवा, पूरी, मीठी बूंदी, नारियल प्रसादी, केला एवं सेव वितरित किया गया।
सुबह की पहली किरण के साथ ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया, जो देर रात तक निरंतर चलता रहा। प्रातःकालीन अभिषेक, विशेष पूजा एवं आरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। हर गली-मोहल्ले में केसरिया ध्वज और पताकाओं से सजा वातावरण यह दर्शा रहा था कि पूरा नवापारा शहर हनुमानमय हो उठा है।
इस प्रकार गुरुवार, 2 अप्रैल को श्री हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव नगर में भव्यता, उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया, जिसने सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था की मिसाल प्रस्तुत की।



