ग्राम पंचायत तर्री में विप्र समाज भवन हेतु भूमि पूजन सम्पन्न, जनपद सदस्य वर्षा मिश्रा ने भवन निर्माण के लिए ₹2 लाख देने की घोषणा

विप्र समाज को मिला समाज भवन हेतु भूमि आवंटन, भूमि पूजन के साथ भवन निर्माण की दिशा में बढ़ा महत्वपूर्ण कदम

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़नवापारा/तर्री। ग्राम पंचायत तर्री में निवासरत विप्र समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन हेतु ग्राम पंचायत तर्री द्वारा विप्र समाज को भूमि आवंटित की गई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पंडित कन्हैया तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन सम्पन्न कराया गया। धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विप्र समाज के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तर्री की सरपंच श्रीमती लता सिन्हा, जनपद सदस्य श्रीमती वर्षा संतोष मिश्रा, सभापति वन एवं पर्यावरण, उपसरपंच विवेक शर्मा, श्री लखन लाल सिन्हा सहित पंचायत प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। भूमि पूजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर समाज भवन निर्माण की सफलता एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर विप्र कुल महिला मंडल नवापारा की अध्यक्ष रेखा तिवारी, उपाध्यक्ष तनु मिश्रा, सचिव सोमा शर्मा एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती सुभाषिनी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं विप्र कुल ब्राह्मण समाज नवापारा के अध्यक्ष प्रसन्न शर्मा, रमेश तिवारी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं समस्त पंचगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य श्रीमती वर्षा संतोष मिश्रा ने विप्र समाज भवन निर्माण हेतु अपनी जनपद निधि से ₹2 लाख की राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। समाज के लोगों ने कहा कि भवन निर्माण होने से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी तथा समाज को एक स्थायी मंच प्राप्त होगा।
वक्ताओं ने कहा कि समाज भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का केंद्र बनेगा। ग्राम पंचायत द्वारा भूमि आवंटन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से समाज में उत्साह का वातावरण है।
कार्यक्रम के अंत में तनु मिश्रा (प्रदेश कार्य समिति सदस्य, महिला मोर्चा छत्तीसगढ़) ने उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से यह कार्य संभव हो पाया है तथा भविष्य में भी समाजहित के कार्य इसी प्रकार आगे बढ़ते रहेंगे।




