पुनीत सागर अभियान के तहत एनसीसी कैडेटों ने की महानदी तट की सफाई, जल संरक्षण का लिया संकल्प

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ राजिम–धर्मनगरी राजिम में एनसीसी कैडेटों ने पुनीत सागर अभियान के तहत महानदी के त्रिवेणी संगम तट पर स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के दौरान कैडेटों ने नदी तट पर फैले प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई की तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
यह अभियान 27 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायपुर के कमांडिंग ऑफिसर सुभाष महतो के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में तथा शासकीय राजीवलोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम के एनसीसी अधिकारी कैप्टन दुष्यंत ध्रुवा एवं रामबिशाल पाण्डेय तथा सेजेस राजिम के एनसीसी अधिकारी सेकंड ऑफिसर सागर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
स्वच्छता अभियान के पश्चात सभी कैडेटों ने जल जीवन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण की शपथ लेते हुए जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर ने कहा कि प्लास्टिक, रैपर एवं अन्य कचरे को नदी-तालाबों में नहीं फेंकना चाहिए। उचित कचरा प्रबंधन के माध्यम से ही जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है। वहीं वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रो. एम.एल. वर्मा ने कहा कि जल प्रदूषण की रोकथाम के लिए नदी-नालों में प्लास्टिक सामग्री प्रवाहित करने से बचना आवश्यक है।
सेजेस स्कूल राजिम के प्राचार्य बी.एल. ध्रुव ने कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि पुनीत सागर अभियान एनसीसी का एक महत्वपूर्ण वार्षिक कार्यक्रम है, जो छात्र सैनिकों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करता है।
कैप्टन दुष्यंत ध्रुवा ने कैडेटों को शपथ दिलाते हुए अपने-अपने गांवों में भी नदी, तालाब एवं पोखरों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सेकंड ऑफिसर सागर शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए एनसीसी द्वारा संचालित पुनीत सागर अभियान की जानकारी दी तथा कैडेटों से समय-समय पर राजिम नदी तट की सफाई में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

राजिम के त्रिवेणी संगम तट पर पुनीत सागर अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चलाते एनसीसी कैडेट एवं उपस्थित अधिकारी।




