साइबर ठगी से बचने जागरूक और सतर्क रहें : सतीश प्रकाश सिंह
हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में संकुल स्तरीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़-– छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार पुलिस विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा साइबर अपराधों से आमजनों को बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह की पहल एवं पुलिस विभाग के सहयोग से संकुल स्तरीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने युवाओं को स्वयं सतर्क रहने के साथ अपने परिवार और समुदाय के लोगों को भी जागरूक करने के लिए साइबर जागृति दूत की भूमिका निभाने प्रेरित किया।
पुलिस चौकी कोरबी के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुरेश जोगी ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी लिंक से होने वाली ठगी के प्रति सावधान किया। उन्होंने कहा कि OTP, UPI, ATM PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने उपस्थितजनों को साइबर जागरूक नागरिक बनने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार, पूर्व सरपंच सोनसाय आयाम, सरपंच मनोहर बिंझवार, उपसरपंच भुवाल सिंह सिदार, सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर, पुलिसकर्मी, पंचगण, शाला विकास समिति के अध्यक्ष जय कुमार सिदार, सदस्य, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, युवा, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




