छत्तीसगढ़

दीपावली पर्व को लेकर स्कूलों में अवकाश बढ़ाने की मांग, शिक्षक संघ ने शिक्षा आयोग अध्यक्ष से की मुलाकात

(छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ ) नवापारा राजिम दीपावली पर्व को लेकर विद्यालयों में अवकाश की अवधि बढ़ाने की मांग उठने लगी है। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता एवं रायपुर संभाग अध्यक्ष रामनारायण मिश्रा ने छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम से मुलाकात कर स्कूल शिक्षा विभाग से दीपावली अवकाश 6 नवंबर से 12 नवंबर तक किए जाने का आदेश जारी कराने का आग्रह किया।

रामनारायण मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष दीपावली पर्व से जुड़े प्रमुख त्योहार लगातार कई दिनों तक मनाए जाएंगे। पर्व की शुरुआत 6 नवंबर को धनतेरस से होगी, वहीं 11 नवंबर को भाईदूज का पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में वर्तमान में निर्धारित अवकाश अवधि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उनके परिवारों के लिए पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने कहा कि दीपावली देश का प्रमुख एवं पारंपरिक पर्व है, जिसे परिवार के सभी सदस्य मिलकर उत्साह और उल्लास के साथ मनाते हैं। दीपावली से जुड़े विभिन्न धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों में लोगों की सहभागिता रहती है। इसलिए स्कूलों में अवकाश की अवधि बढ़ाकर 6 नवंबर से 12 नवंबर तक की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थी, शिक्षक और उनके परिजन पर्व को पूरी सुविधा और आनंद के साथ मना सकें।

शिक्षक संघ ने शिक्षा आयोग अध्यक्ष से इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग से आवश्यक आदेश जारी करवाने का आग्रह किया है। संघ का कहना है कि अवकाश बढ़ाए जाने से शिक्षकों और विद्यार्थियों को त्योहार मनाने के साथ-साथ अपने परिवारों के साथ समय बिताने का अवसर भी मिलेगा।

इस अवसर पर शिक्षक संघ के रायपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील नायक, धरसीवां ब्लॉक संगठन मंत्री अवध राम वर्मा तथा नेमुराम साहू उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!