गांव के पास दिखा भालू, ग्रामीणों में मचा हड़कंप; शोर मचाकर जंगल की ओर खदेड़ा

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ पाण्डुका– वन परिक्षेत्र के सांकरा और तौरेंगा बिट में जंगली जानवरों की कई संरक्षित प्रजातियां पाई जाती हैं, जो अक्सर सड़क और गांवों के आसपास भी नजर आ जाती हैं। शनिवार को ऐसी ही एक घटना उस समय सामने आई जब ग्रामीण महुआ बीनने के लिए जंगल पहुंचे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, महुआ एकत्र कर रहे लोगों के पास अचानक एक जंगली भालू आ गया, जिससे वहां मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। हालांकि, सूझबूझ दिखाते हुए ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिससे भालू डरकर वापस जंगल की ओर भाग गया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या अनहोनी नहीं हुई।
घटना का वीडियो कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी पाण्डुका ने बिट गार्ड लोकेश श्रीवास के साथ ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगली जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनके प्राकृतिक आवास में अनावश्यक हस्तक्षेप न करें।




