कौन्दकेरा के टिंकरिंग लैब में अंबेडकर जयंती पर कम्युनिटी डे का आयोजन


छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—–– शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कौन्दकेरा स्थित अटल टिंकरिंग लैब में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को कम्युनिटी डे के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन नीति आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
अटल टिंकरिंग लैब की प्रभारी मीनाक्षी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर कौन्दकेरा संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी पूर्व माध्यमिक विद्यालयों से प्रत्येक संस्था के पांच छात्र-छात्राएं एवं एक मार्गदर्शक शिक्षक को आमंत्रित किया गया। साथ ही भूतपूर्व छात्र, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता ग्राम सरपंच राधिका यादव ने बाबा साहब के जीवन और उनके आदर्शों को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान ओंकार साहू (अध्यक्ष, शाला विकास समिति), रामेश्वरी कुर्रे (जनपद सदस्य), मनोज यादव (सरपंच प्रतिनिधि) एवं शिक्षाविद सोमप्रकाश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन, बाबा साहब के वंदन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद छात्रों को समूहों में विभाजित कर अटल टिंकरिंग लैब से जुड़ी विभिन्न हैंड्स-ऑन गतिविधियां कराई गईं। इन गतिविधियों का संचालन प्रभारी मीनाक्षी शर्मा के साथ शिक्षक सतीश मालवीय एवं रितेश पटेल के मार्गदर्शन में किया गया।
छात्र-छात्राओं को सरल एवं आसानी से उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से नवाचार आधारित गतिविधियों से जोड़ा गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को अतिथियों, प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
संस्था के प्राचार्य एम. आर. रात्रे ने सभी अतिथियों एवं सहभागी विद्यालयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से सामुदायिक सहभागिता बढ़ती है और विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर युवराज साहू, पायल साहू, यशोदा साहू, पलक कोसरे, डामेश्वरी साहू, फलक साहू, भारती साहू सहित संकुल समन्वयक नरेश साहू एवं विद्यालय परिवार के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




