डॉक्टर्स-डे पर पृथ्वीम वेलफेयर फाउंडेशन ने किया वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान


पौधारोपण के संदेश के साथ सेवा, समर्पण और मानवता के लिए जताया आभार
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़गोबरा नवापारा— डॉक्टर्स-डे के अवसर पर नगर की प्रतिष्ठित पृथ्वीम वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा नगर के वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान कर उनके सेवा, समर्पण एवं मानवता के प्रति योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बलजीत सिंह, वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. एम. कौर तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.आर. सिन्हा को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता सिन्हा ने कहा कि डॉक्टर्स-डे चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है। चिकित्सकों को भगवान का दर्जा इसलिए दिया जाता है क्योंकि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवा भाव से मरीजों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों में सीमित संसाधनों के बावजूद नवापारा के चिकित्सक अपने अनुभव और विशेषज्ञता के बल पर उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
योगिता सिन्हा ने विशेष रूप से कहा कि नगर के चिकित्सक दंपत्ति डॉ. बलजीत सिंह एवं डॉ. एम. कौर पिछले लगभग पांच दशकों से निरंतर जनसेवा में समर्पित हैं। ऐसे समर्पित चिकित्सकों का सम्मान करना पृथ्वीम वेलफेयर फाउंडेशन के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए कहा कि नगर के सभी चिकित्सकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना हजारों मरीजों का उपचार कर अनेक लोगों की जिंदगी बचाई। उनका यह योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से सभी चिकित्सकों के साथ-साथ पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ, डायग्नोस्टिक कर्मियों, फार्मासिस्ट एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी कर्मचारियों के प्रति भी सम्मान और आभार व्यक्त किया गया।
सम्मान समारोह में फाउंडेशन की सदस्य कल्पना पाण्डेय, साखी निर्मलकर, खिलेश्वरी साहू, भुनेश्वरी साहू, योगेश्वरी सहज, अंशुमन देवांगन एवं तुषार साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे




