RTE प्रवेश का अंतिम चरण शुरू: 17 जुलाई से 5 अगस्त तक होंगे ऑनलाइन आवेदन, 30 अगस्त तक पूरी होगी प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—-छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम 2009 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी विद्यालयों में निःशुल्क एवं अनिवार्य प्रवेश की तृतीय एवं अंतिम चरण की समय-सारिणी जारी कर दी है। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भेजे गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, 17 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक निजी विद्यालयों द्वारा RTE पोर्टल पर रिक्त सीटों का सत्यापन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 22 जुलाई से 5 अगस्त तक अभिभावक ऑनलाइन आवेदन एवं संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद 25 जुलाई से 7 अगस्त तक नोडल प्राधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
10 से 14 अगस्त के बीच ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी होगी। चयनित बच्चों का प्रवेश 17 से 25 अगस्त तक संबंधित निजी विद्यालयों में सुनिश्चित किया जाएगा तथा 20 से 27 अगस्त तक विद्यालयों को प्रवेशित विद्यार्थियों की अंतिम प्रविष्टि RTE पोर्टल पर दर्ज करनी होगी।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि यह RTE प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम चरण है। पूर्व चरणों में प्रवेश प्राप्त कर चुके बच्चों को छोड़कर शेष रिक्त सीटों पर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि 27 अगस्त 2026 तक पूरी प्रक्रिया हर हाल में पूर्ण की जाए और किसी भी प्रकार की समय-सीमा में छूट नहीं दी जाएगी।




