हमने दिलाया है, हम ही दिलाएंगे” — शिक्षक संघर्ष मोर्चा

TET एवं B.Ed. की अनिवार्यता खत्म करने समेत पांच प्रमुख मांगों को लेकर 18 अगस्त को सौंपेंगे ज्ञापन
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ फिंगेश्वर-–शिक्षक हित एवं लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर गठित शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में घटक संगठन संयुक्त शिक्षक संघ की प्रांतीय वर्चुअल बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रांतीय, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संविलियन के बाद से लंबित शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में आगामी 18 अगस्त 2026 को शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं संचालक डीपीई के नाम ज्ञापन सौंपने के प्रांतीय निर्णय का सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में समर्थन किया। संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष केदार जैन एवं प्रांतीय महामंत्री सुभाष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन की आगामी रणनीति की जानकारी दी।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के अधिकारों के लिए अब एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष किया जाएगा। मोर्चा की पांच प्रमुख मांगें हैं—
सेवारत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना की जाए।
सभी शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान का लाभ दिया जाए।
13 फरवरी 2026 के पदोन्नति आदेश में व्याप्त विसंगतियों को दूर किया जाए।
पदोन्नति में TET/B.Ed. की अनिवार्यता समाप्त कर पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त किया जाए तथा B.Ed. के लिए ब्रिज कोर्स का विकल्प दिया जाए।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय सदस्य एवं संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री सुभाष शर्मा ने बताया कि इन पांच प्रमुख मांगों के अलावा शिक्षकों से संबंधित अन्य विषयों एवं शासन द्वारा जारी किए जा रहे विभिन्न निर्देशों को भी पूरक मांगों के रूप में ज्ञापन में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बार-बार बदलते निर्देशों से शिक्षकों के अध्यापन कार्य पर भी असर पड़ रहा है।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि संविलियन से पूर्व तीनों शिक्षक संगठनों ने मिलकर शिक्षाकर्मियों को शिक्षक बनाने और शिक्षा विभाग में संविलियन कराने के लिए ऐतिहासिक आंदोलन किया था। अब संविलियन के बाद शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा कराने की जिम्मेदारी भी शिक्षक संघर्ष मोर्चा उठाएगा। उन्होंने शिक्षकों से अपने अधिकारों की लड़ाई में पूरी निष्ठा के साथ मोर्चा का साथ देने की अपील की।
मोर्चा ने कहा कि 18 अगस्त के बाद आगामी आंदोलन की रणनीति घोषित की जाएगी। शिक्षकों के सम्मान, अधिकार एवं न्यायसंगत मांगों के पूरा होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में संतोष ठाकुर, संजय महाड़िक, नरेश साहू, ज्ञानेन्द्र शर्मा, दीप्ति मिश्रा गंडेचा, अरुण प्रजापति, फिंगेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष नेतराम साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। उक्त जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी नेमू राम साहू ने दी।




