सेवा संकल्प अभियान के सरकारी खर्च पर सिहावा विधायक ने उठाए सवाल

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़-— सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों को लेकर सिहावा विधायक अंबिका मरकाम ने वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अभियान के दौरान होने वाले खर्च तथा उसके वित्तीय स्रोत को सार्वजनिक करने की मांग की है।
धमतरी जिले के नगरी अनुविभाग से जारी प्रशासनिक निर्देश के अनुसार अभियान के तहत 13 गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 17 सितंबर की शाम प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन, विद्यालयों में प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद, सेवा ज्योति यात्रा, जन जल सेवा संकल्प, सेवा गतिविधियां, विधानसभा एवं विकासखंड स्तरीय शिविर, रंगोली, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा 17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।
विधायक अंबिका मरकाम ने विशेष रूप से दीप प्रज्वलन कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासनिक निर्देश में दीप, तेल अथवा अन्य सामग्री की व्यवस्था किस मद से होगी, यह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी राशि खर्च होनी है तो बजट मद और खर्च की प्रक्रिया सार्वजनिक की जानी चाहिए। वहीं, यदि कार्यक्रम जनभागीदारी से आयोजित होना है तो उसकी स्पष्ट गाइडलाइन जारी होनी चाहिए।
उन्होंने सरकार से प्रत्येक गतिविधि की अनुमानित लागत, बजट मद, सामग्री खरीदी की प्रक्रिया तथा खर्च करने वाली एजेंसी की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही कहा कि जनभागीदारी के नाम पर पंचायत, स्व-सहायता समूह, स्थानीय संस्था या आम नागरिकों पर आर्थिक योगदान का दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए।
मरकाम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्कूल-आंगनवाड़ी भवन जैसी मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान जनहित, पारदर्शिता और वित्तीय जवाबदेही के साथ संचालित होना चाहिए।




