मतदाता सूची में नाम जोड़ने विशेष अभियान, BLO और स्वीप अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक संपन्न
17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़ —भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार मतदाता सूची के पुनर्सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी माधुरी सोम ठाकुर के निर्देश पर सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम कोरबा से बैठक ली।
बैठक में जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों और स्वीप नोडल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सतीश प्रकाश सिंह ने एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में विभिन्न कारणों से नाम शामिल नहीं हो पाने वाले नागरिकों के पुनर्सत्यापन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। इसके तहत मतदान केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित करने तथा घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों को मतदान का महत्व समझाने और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। साथ ही कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो और रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय की स्वीप शाखा में भेजने के निर्देश दिए।




