Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CG PRAYAGRAJ NEWS
Uncategorized

महाकाल अघोरी झांकी ने किया रोमांचित, जयकारों से गूंजा राजिम नगर

हनुमान जन्मोत्सव मे बालिकाओं द्वारा हनुमान चालीसा का सामूहिक एवं सुमधुर पाठ

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़— सर्व हिंदू समाज के तत्वाधान में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर राजिम नगर में विशाल शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ किया गया। यह शोभायात्रा नगर के प्राचीन श्री रामचंद्र मंदिर से प्रारंभ होकर पटेल पारा, सुभाष चौक, पंडित श्यामाचरण शुक्ल चौक, बस स्टैंड एवं महामाया मंदिर होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हनुमान प्रतिमा की स्थापना की गई।
शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह शीतल जल, फलाहार एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था रही, जिससे भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं को राहत मिली। “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
झांकियों और अखाड़ों ने बढ़ाया आकर्षण
शोभायात्रा में निकाली गई आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान के जीवन प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। साथ ही स्वच्छता, शिक्षा और संस्कार जैसे सामाजिक संदेश भी दिए गए, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा।
विभिन्न अखाड़ों द्वारा लाठी एवं पारंपरिक युद्धक कलाओं का प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। युवाओं का जोश और अनुशासन आयोजन की विशेषता रहा। लोकनृत्य और भक्ति नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
विशेष आकर्षण के रूप में छोटी-छोटी बालिकाओं द्वारा हनुमान चालीसा का सामूहिक एवं सुमधुर पाठ किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
महाआरती और विशेष झांकियों ने बांधा समां
पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक में हनुमान जी की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। विशाल आरती थाल के साथ गूंजते भक्ति गीतों ने वातावरण को और अधिक दिव्य बना दिया।
इस अवसर पर राजनांदगांव से आई भैरवी धाम की सुमिरन माई विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं गौरी कृपा धुमाल ग्रुप (दुर्ग), मां भगवती घंटा पार्टी (उड़ीसा), श्री महाकाल अघोरी झांकी, श्री महाकाली झांकी, किंग कोंग गोरिल्ला झांकी तथा राजा डीजे की प्रस्तुति ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। चलित रंगोली प्रदर्शन और श्री बजरंग अखाड़ा टेकरी के राज्य स्तरीय आदिवासी लोकनृत्य ने भी लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष राघोबा महाड़िक, पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल एवं प्रीति पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आतिशबाजी और जयकारों के बीच पूरा नगर हनुमान भक्ति में डूबा नजर आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!