छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने जे.डी. रायपुर को सौंपा 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन, पदोन्नति में तेजी लाने की मांग

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़—छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संभाग रायपुर को 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें कोषाध्यक्ष शैलेंद्र पारीक, प्रांतीय महासचिव योगेश सिंह ठाकुर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में मुख्य रूप से पिछले 4 वर्षों से लंबित माध्यमिक शाला प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति में आ रही न्यायालयीन बाधाओं को जल्द दूर कर पदोन्नति देने की मांग की गई। इसके साथ ही 13 फरवरी 2026 को प्रकाशित छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा पदोन्नति एवं भर्ती नियम के अनुसार सहायक शिक्षक से शिक्षक पद पर पदोन्नति देने पर जोर दिया गया।
इस संबंध में सहायक संचालक आलोक चांडक ने 31 मार्च 2026 तक पदोन्नति के लिए विस्तृत टाइम टेबल जारी करने का आश्वासन दिया। वहीं, उच्च योग्यता एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों को अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग पर अब तक जारी एनओसी की प्रतियां एसोसिएशन को उपलब्ध कराई गईं।
इसके अलावा, संभाग अंतर्गत कार्यरत ग्रंथपाल एलबी एवं व्यायाम शिक्षक एलबी की वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति प्रस्ताव डीपीआई को भेजने की भी मांग उठाई गई।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि 31 मार्च 2026 तक पदोन्नति का विस्तृत टाइम टेबल जारी नहीं किया गया, तो जेडी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष डॉ. भूषण लाल चंद्राकर (धमतरी), ओमप्रकाश सोनकला (रायपुर), परमेश्वर निर्मलकर (गरियाबंद) सहित कई जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




