राजिम की वरिष्ठ साहित्यकार सुधा शर्मा को मिला ‘महिला शिखर सम्मान’

छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़–राजिम। नवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में राजिम की वरिष्ठ साहित्यकार एवं सुप्रसिद्ध कवियत्री सुधा शर्मा को ‘महिला शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं निरंतर लेखन के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन छत्तीसगढ़ एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सिविल लाइन्स स्थित वृन्दावन हॉल में किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व बाल आयोग अध्यक्ष शताब्दी पाण्डेय, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अर्चना झा तथा समग्र शिक्षा जांजगीर की सहायक परियोजना अधिकारी हेमलता शर्मा उपस्थित रहीं।
सांसद लक्ष्मी वर्मा ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और विभिन्न रोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं महापौर मीनल चौबे ने महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। शताब्दी पाण्डेय ने नारी को ‘नारायणी’ बताते हुए परिवार और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सराहा।




