नारी पुल के पास युवक की निर्मम हत्या, गले पर धारदार हथियार से किए कई वार
पिकअप चालक की मौके पर मौत, पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
छत्तीसगढ़ प्रयागराज न्यूज़– कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारी पुल के पास एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू (27 वर्ष) निवासी ग्राम कुंडेल (मेघा) के रूप में हुई है। वह पेशे से पिकअप वाहन चालक था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह अपने वाहन से कहीं जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके गले पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव नारी एवं आसपास के क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।




